HEADLINES


More

शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का झांसा देकर ₹9.66 लाख की साइबर ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

Posted by : pramod goyal on : Sunday, 2 August 2026 0 comments
pramod goyal
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना NIT टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ₹9.66 लाख की साइबर ठगी के मामले में एक खाताधारक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से ₹2 लाख ट्रांसफर किए गए थे। जांच में सामने आया है कि आरोपी का बैंक खाता विभिन्न राज्यों में दर्ज 12/13 साइबर ठगी की शिकायतों से भी जुड़ा हुआ है।


पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रीन फील्ड कॉलोनी, सेक्टर-43, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 8 अक्टूबर 2025 को उसके पास एक विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने अपना नाम Amelia Reid बताते हुए स्वयं को Mew Wealth Private Limited का सहायक बताया। महिला ने शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया और शिकायतकर्ता का निवेश संबंधी अकाउंट खुलवाकर अलग-अलग UPI आईडी एवं बैंक खातों में धनराशि जमा करवाई।

ठगों ने लगातार अधिक मुनाफे का विश्वास दिलाते हुए शिकायतकर्ता से अक्टूबर 2025 के दौरान कुल ₹9,66,000 विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में

जब शिकायतकर्ता को न तो कोई लाभ मिला और न ही उसकी राशि वापस हुई, तब उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का पता चला। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान साइबर थाना NIT की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रांजैक्शन का विश्लेषण करते हुए वैदचंद्रा बर्मन (40 वर्ष), निवासी सरिता विहार, दिल्ली को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इस मामले में दूसरी लेयर (Second Layer) का खाताधारक है। आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसके माध्यम से ठगी की राशि को आगे स्थानांतरित किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते में इस मामले से संबंधित ₹2,00,000 की ठगी की राशि प्राप्त हुई थी।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी के बैंक खाते के संबंध में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों में 12/13 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। इससे स्पष्ट होता है कि आरोपी का खाता साइबर अपराधियों द्वारा कई मामलों में इस्तेमाल किया जा रहा था।

प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में पूर्व में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

No comments :

Leave a Reply