HEADLINES


More

जे.सी. बोस विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया

Posted by : pramod goyal on : Saturday, 15 August 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//

 फरीदाबाद, 15 अगस्त: जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया तथा सुरक्षा अधिकारियों, एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस वालंटियर्स द्वारा प्रस्तुत मार्च-पास्ट की सलामी ली। इससे पूर्व, उन्होंने वार हीरोज गैलरी में शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।


समारोह को संबोधित करते हुए कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने विश्वविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, अनुशासन और सेवा भावना से प्रेरणा लेकर ज्ञान, नवाचार, अनुसंधान और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।

विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए प्रो. कुमार ने कहा कि जे.सी. बोस विश्वविद्यालय शैक्षणिक विस्तार, अनुसंधान, नवाचार और प्रौद्योगिकी आधारित पहलों के माध्यम से एक अग्रणी राज्य विश्वविद्यालय के रूप में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने नए शैक्षणिक कार्यक्रमों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी, एंटी-ड्रोन टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग तथा मेकाट्रॉनिक्स के क्षेत्र में स्थापित किए जा रहे उत्कृष्टता केंद्रों एवं उन्नत प्रयोगशालाओं को विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

उन्होंने विश्वविद्यालय में लागू डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से मई 2026 की परीक्षाओं के परिणाम एक माह से भी कम समय में घोषित किए गए। इसके साथ ही विश्वविद्यालय हरियाणा का डिजिटल रूप से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन लागू करने वाला प्रथम राज्य विश्वविद्यालय बना है। उन्होंने सेंट्रल रिसर्च फैसिलिटी के ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल के शुभारंभ तथा निधि आई- टीबीआई पहल के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति को विश्वविद्यालय के अनुसंधान एवं नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



प्रो. कुमार ने भारती एयरटेल फाउंडेशन स्कॉलरशिप प्रोग्राम के विस्तार का भी उल्लेख किया, जिसके अंतर्गत प्रतिवर्ष 100 मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृति मिलेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय के आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा प्रस्तावित द्वितीय परिसर की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।

कुलगुरु ने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से समर्पण, नवाचार और सामूहिक प्रयासों के साथ कार्य करते हुए विश्वविद्यालय को शैक्षणिक एवं अनुसंधान उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।

समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, कविताओं, योग एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया। राष्ट्रीय प्रोटोकॉल एवं भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, राष्ट्रीय गान से पूर्व राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया, जिसने समारोह में विशेष देशभक्ति का भाव संचारित किया। इसके पश्चात राष्ट्रीय गान का गायन हुआ।

समारोह में विश्वविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, शिक्षकगण, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रदीप कुमार एवं उनकी पूरी टीम की देखरेख में किया गया। समारोह के समापन पर विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं।

No comments :

Leave a Reply