//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना NIT की टीम ने फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए उसके सरगना सहित 7 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में निखिल, आकाश, धुर्व, सुनील, नितिन तथा 2 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे/निशानदेही से 14 मोबाइल फोन व 14 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीकरी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी कि 27 जुलाई को उसके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को क्रेडिट कार्ड संबंधी सेवा से जुड़ा बताते हुए शिकायतकर्ता को उसके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया और इसके लिए OTP मांगा।
शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए OTP के बाद उसके खाते से 65,040 रुपये की राशि कट गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान साइबर थाना NIT की टीम ने आरोपितों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित एक होटल में फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे।
पूछताछ में सामने आया कि धुर्व फर्जी कॉल सेंटर का सरगना था, जबकि नितिन कॉल सेंटर के लिए डाटा, मोबाइल फोन व सिम कार्ड उपलब्ध करवाता था। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपित, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं, कॉलर के रूप में काम करते थे।
आरोपितों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे लोगों को अलग-अलग बहाने से फोन कर उनसे बैंकिंग एवं क्रेडिट कार्ड संबंधी जानकारी तथा OTP प्राप्त कर ठगी करते थे। पूछताछ में आरोपितों द्वारा करीब 400 से 500 लोगों को ठगी का शिकार बनाने की बात सामने आई है।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपित ठगी की रकम से ऑनलाइन सामान खरीदते थे और बाद में उसे ब्लैक में कम कीमत पर बेच देते थे। इस प्रकार आरोपी ठगी की रकम को सामान के माध्यम से खपाने का काम करते थे।
साइबर थाना NIT की टीम ने आरोपितों के कब्जे/निशानदेही से 14 मोबाइल फोन और 14 सिम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड की जांच की जा रही है, ताकि आरोपितों द्वारा की गई अन्य साइबर ठगी की वारदातों का भी पता लगाया जा सके।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि फर्जी कॉल सेंटर का सरगना धुर्व तथा आरोपी नितिन के खिलाफ पूर्व में भी साइबर अपराध से संबंधित मामले दर्ज हैं। सभी आरोपित 9वीं से 12वीं कक्षा तक शिक्षित हैं।

No comments :