फरीदाबाद में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की बैठक उस समय चर्चा में आ गई, जब बैठक खत्म होने के बाद कांग्रेस के ही 2 नेताओं के बीच जमकर विवाद हो गया। कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में भारत अरोड़ा और ईशांत कथूरिया आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच पहले तीखी बहस हुई और देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया।
मौके पर मौजूद कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक दोनों एक-दूसरे को जवाब देते रहे। इस पूरे घटनाक्रम से बैठक के बाद वहां का माहौल पूरी तरह गरमा गया।
दरअसल, शनिवार को कांग्रेस की ओर से संगठन सृजन अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई थी। बैठक से पहले मीडिया ब्रीफिंग भी रखी गई थी, जिसमें मीडिया कर्मियों को बुलाया गया था। ब्रीफिंग खत्म होने के बाद ही भारत अरोड़ा और ईशांत कथूरिया के बीच विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत भारत अरोड़ा के कांग्रेस की बैठक में शामिल होने को लेकर हुई।
ईशांत कथूरिया ने भारत अरोड़ा से कथित तौर पर सवाल किया कि वह कांग्रेस की बैठक में क्यों आए हैं। उन्होंने भारत अरोड़ा को गैर-कांग्रेसी बताते हुए कहा कि जो लोग कांग्रेस पार्टी से अलग होकर पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं, उन्हें कांग्रेस की बैठक में नहीं आना चाहिए। इसी बात पर भारत अरोड़ा भड़क गए और उन्होंने ईशांत कथूरिया की बात का विरोध किया।
इसके बाद दोनों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि दोनों एक-दूसरे से धक्का-मुक्की करते हुए भी नजर आए। मौके पर मौजूद कांग्रेस के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता पूरे विवाद के गवाह बने। कुछ कांग्रेस नेताओं ने बीच में पड़कर दोनों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन दोनों के बीच काफी देर तक जुबानी विवाद चलता रहा। बाद में अन्य नेताओं ने मामला शांत कराया और भारत अरोड़ा वहां से चले गए।
इस पूरे विवाद में एक तरफ पूर्व मेयर अशोक अरोड़ा के बेटे भारत अरोड़ा थे, जबकि दूसरी तरफ वार्ड नंबर 13 से कांग्रेस पार्टी की ओर से पार्षद का चुनाव लड़ चुके ईशांत कथूरिया थे। दोनों नेताओं के बीच विवाद का मुख्य मुद्दा कांग्रेस से जुड़े होने और पार्टी की बैठक में शामिल होने को लेकर बताया जा रहा है।

No comments :