फरीदाबाद के एसी नगर में 14 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्चे का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, एसी नगर निवासी सोनू अपनी पत्नी ममता और दो बेटों के साथ रहता है। सोनू और उसकी पत्नी दोनों काम करते हैं। सोनू गाड़ी पर ड्राइवर का काम करता है, जबकि उसकी पत्नी हाउस सहायक का काम करती है। घटना के समय दोनों काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। घर पर उनके दोनों बेटे मौजूद थे।
शाम को जब सोनू और उसकी पत्नी घर लौटे, तो उन्हें छोटे बेटे तरुण की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया।
मृतक के परिजनों ने एसी नगर निवासी एक युवक पर बच्चे की हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक हत्या के आरोप की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

No comments :