ग्रेटर फरीदाबाद में बारिश के दौरान दो जगह सड़क धंसने के मामले में फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने बड़ा कदम उठाया है। जांच में सामने आया कि बिल्डरों के ठेकेदारों ने बिना अनुमति सड़क के नीचे पाइप और बिजली की
केबल बिछाने के लिए रोड कटिंग की थी।
इसी लापरवाही के कारण बारिश में सड़क धंस गई। अब एफएमडीए ने संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को शिकायत दी है।
एफएमडीए की टीम ने शुक्रवार को सेक्टर-89 स्थित टीडीआई बिल्डर क्षेत्र और सेक्टर-80 स्थित डिस्कवरी पार्क सोसाइटी के बाहर सड़क का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि दोनों स्थानों पर बिना स्वीकृति सड़क की खुदाई कर पाइप और बिजली की केबल डाली गई थी। खुदाई के बाद सड़क की मरम्मत तकनीकी मानकों के अनुसार नहीं की गई, जिससे लगातार बारिश के दौरान सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई और सड़क धंस गई।
एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता के.एस. पठानिया ने बताया कि किसी भी सरकारी सड़क के नीचे पाइपलाइन, बिजली की केबल या अन्य सेवाएं डालने से पहले प्राधिकरण से अनुमति लेना अनिवार्य है। साथ ही खुदाई के बाद सड़क को निर्धारित मानकों के अनुसार बहाल करना भी जरूरी होता है। लेकिन, नियमों की अनदेखी से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है और लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।

No comments :