फरीदाबाद। जिला न्यायालय परिसर, सेक्टर-12 में आयोजित भव्य समारोह में एडवोकेट एवं समाजसेवी डॉ. मोहन तिवारी को पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 'प्रकृति प्रेम सम्मान' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें जिला बार एसोसिएशन, फरीदाबाद द्वारा 101 पौधारोपण एवं पौधा वितरण अभियान के सफल नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के प्रधान राजेश बैंसला एवं महासचिव टीका डागर की उपस्थिति में डॉ. मोहन तिवारी के नेतृत्व में 101 पौधारोपण एवं पौधा वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही पंचमुखी हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ, 101 विशिष्ट लोगों का सम्मान समारोह तथा भव्य कवि सम्मेलन का भी आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ता, पत्रकार, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
डॉ. मोहन तिवारी पिछले कई वर्षों से दिल्ली-एनसीआर में पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय हैं और 10 हजार से अधिक पौधों का पौधारोपण एवं वितरण कर चुके हैं। उनके इस अभियान से हजारों लोग पर्यावरण संरक्षण से जुड़ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि उनके सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों के लिए उन्हें पूर्व में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. मोहन तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और पौधारोपण को जनआंदोलन बनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

No comments :