फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक युवक की बीच-बचाव के दौरान चाकू लगने से मौत हो गई। यह घटना सेहतपुर के नए पुल के पास सरस्वती कॉलोनी मोड़ स्थित एक ढाबे पर हुई, जहां तीन दोस्त देर रात पराठा खाने के लिए पहुंचे थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के मोडबंद इलाका निवासी दीपक अपने दो दोस्त राहुल और राजकुमार के साथ बुधवार रात करीब 12 बजे ढाबे पर पराठा खाने गया था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक युवक से किसी बात को लेकर राजकुमार की कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी युवक ने ढाबे से चाकू उठाकर राजकुमार के पेट में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
राजकुमार को घायल देखकर राहुल का भी आरोपी से विवाद हो गया। इसी बीच दीपक अपने दोनों दोस्तों को छुड़ाने के लिए आगे बढ़ा। आरोप है कि आरोपी ने दीपक की गर्दन के नीचे भी चाकू मार दिया। चाकू लगने से दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया।

No comments :