//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद: कालोनियों में तोड़फोड़ के खिलाफ प्रभावित लोगों ने भारी बारिश के बीच नगर निगम कमिश्नर कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ऐलान किया कि हम अपने घरों को तोड़ने का, हमारे सपनों को खत्म करने के किसी भी प्रयास का आखिरी दम तक विरोध करेंगे। 14 जुलाई को प्रभावित परिवारों की बड़ी आक्रोश रैली की जाएगी।
नेहरू कालोनी और अन्य कालोनियों से भारी संख्या में महिल और पुरुषों ने रोष प्रदर्शन में हिस्सा लिया। प्रदर्शन को सीटू प्रदेश महासचिव जयभगवान, जिला प्रधान निरंतर पराशर, शिव प्रसाद, नेहरू बचाओ संघर्ष समिति के चेयरमैन बिजेंद्र सिंह, कन्वीनर वीरेंद्र डंगवाल, देवकी, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नवल सिंह, आदर्श नगर के संयोजक असलम, कल्याणपुरी के ब्रह्म सिंह, क्रांतिकारी मजदूर मोर्चा के सत्यवीर सिंह आदि ने प्रमुख रूप से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बड़े शर्म की बात है कि जो भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास का नारा देकर सत्ता में तीसरी बार आई थी। वह गरीब लोगों की कई पीढ़ियों की कमाई का विध्वंस कर रही है। जिन कालोनियों ने भाजपा के सांसद, विधायक, एमसी बनाए आज वही लोगों को उजाड़ने पर तुले हैं। आंदोलनकारी नेताओं ने कहा कि उपायुक्त, नगर निगम कमिश्नर, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुज्जर, कह चुके हैं कि अब कालोनी में कोई तोड़फोड़ नहीं की जायेगी। जिन परिवारों के मकान टूट गए हैं, उन्हें मुआवजा मिलेगा और उन्हें उचित जगह बसाया जाएगा। लेकिन सरकार को सामने आकर लोगों के हक में लिखित में आश्वासन देना चाहिए कि हम भविष्य में कालोनियों में कोई तोड़फोड़ नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह अकेली नेहरू कालोनी का मामला नहीं है। नेहरू कालोनी सहित, कल्याणपुरी, राहुल कालोनी, आदर्श नगर, बापुनगर, ए सी नगर, इंदिरा कॉलोनी, जीवन नगर, राम नगर, संत नगर, कृष्णा कालोनी आदि अनेको कालोनियां हैं। जहां लाखों की संख्या में आबादी रह रही है। संगठन नेताओं ने कहा कि भाजपा ने वोट लेने के लिए नारा दिया जहां झुग्गी, वही मकान, जहां खोखा, वहीं दुकान। असलियत में लोगों के मकानों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। सरकार घर बनाकर तो दे नहीं सकती उल्टे उजाड़ने पर लगी हुई है। उच्च न्यायालय के फैसले पर उन्होंने कहा कि यह जमीन पुनर्वास विभाग की है या नगर निगम की, इससे प्रभावित लोगों को कोई लेना देना नहीं है। सरकार से हमारी मांग है कि वह यह सुनिश्चित करे कि नेहरू कालोनी समेत किसी भी कॉलोनीवासी का घर न टूटे।
नगर निगम कमिश्नर कार्यालय पर प्रदर्शन के दौरान संयुक्त आयुक्त अनीश यादव ने मांग पत्र लिया। उन्होंने कहा कि जिनके मकान तोड़े गए हैं, उनके कागज दाखिल किए जाएं। ताकि उनके मुआवजे दिलवाए जा सकें। नेहरू कालोनी बचाओ संघर्ष समिति ने तय किया है कि कालोनियों के प्रभावित लोगों की 14 जुलाई को बड़ी आक्रोश रैली की जाएगी। इसके लिए फरीदाबाद की सभी कालोनियों में अभियान चलाया जाएगा और कमेटियां गठित करते हुए इस आक्रोश रैली में हजारों परिवारों को शामिल किया जाएगा।

No comments :