फरीदाबाद के प्रतापगढ़ में बनाए जा रहे डंपिंग यार्ड के विरोध में सोमवार को राजीव कॉलोनी, बालाजी कॉलोनी, प्रतापगढ़ और सेक्टर-56 व 58 के बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। लोगों ने नगर निगम कमिश्नर और मेयर को ज्ञापन सौंपकर डंपिंग यार्ड का निर्माण रोकने और इलाके में कूड़ा डालना बंद करने की मांग की।
सेक्टर-56 के निवासी सतपाल सिंह ने बताया कि पिछले काफी समय से नगर निगम द्वारा प्रतापगढ़ में डंपिंग यार्ड तैयार किया जा रहा है। बड़े-बड़े डंपरों के जरिए वहां लगातार कूड़ा डाला जा रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में बदबू फैल रही है। उन्होंने कहा कि दुर्गंध के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है और कई लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हो रही है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर स्थानीय लोग कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से पहले भी मिल चुके हैं। उस समय आश्वासन दिया गया था कि डंपिंग साइट पर हर दूसरे-तीसरे दिन केवल तीन से चार डंपर ही कूड़ा लेकर जाएंगे, लेकिन पिछले 15 से 20 दिनों में स्थिति पूरी तरह बदल गई है। अब प्रतिदिन करीब 40 से 50 डंपर कूड़ा लेकर प्रतापगढ़ पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
स्थानीय निवासी सुदेश डागर ने कहा कि हर बार केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि डंपिंग यार्ड के कारण पूरे इलाके में बदबू फैली रहती है और लोगों के स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ रहा है। इसी वजह से आज सभी स्थानीय निवासियों ने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई और ज्ञापन सौंपा।

No comments :