बल्लभगढ़ के सेक्टर-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक शराब ठेके के पास रविवार रात 38 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पटेल नगर झुग्गियों निवासी प्रशांत के रूप में हुई है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पैसों के लेनदेन के विवाद में चार से पांच लोगों ने प्रशांत की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब नौ बजे सेक्टर-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शराब के ठेके के पास प्रभात गंभीर हालत में पड़ा मिला। आसपास मौजूद लोगों ने उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई विकास ने बताया कि प्रशांत का चावला कॉलोनी स्थित माहेश्वरी कम्युनिकेशन के संचालक शिवम के साथ पैसों का लेनदेन था। उनका आरोप है कि प्रभात लंबे समय से अपने पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन उसे लगातार टाल दिया जा रहा था। रविवार शाम भी वह अपने पैसे लेने के लिए शिवम की दुकान पर गया था।
आरोप है कि इसके बाद शिवम उसे अपने साथ सेक्टर-4 स्थित शराब ठेके के पास ले गया, जहां दोनों ने शराब पी। इसी दौरान पैसे मांगने को लेकर विवाद हो गया और वहां मौजूद चार से पांच लोगों ने मिलकर प्रशांत के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

No comments :