फरीदाबाद शहर में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। तेज बारिश के कारण ओल्ड अंडरपास पूरी तरह पानी से भर गया, जिसके चलते ट्रैफिक पुलिस ने एहतियात के तौर पर अंडरपास को दोनों तरफ से बंद कर दिया।
पुलिस ने दोनों ओर लगे गेटों पर ताले लगा दिए हैं। मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है, ताकि कोई वाहन या राहगीर पानी भरे अंडरपास में प्रवेश न कर सके।
बुधवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण शहर के कई सेक्टरों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जहां बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं जलभराव ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण एनआईटी-86, संजय कॉलोनी, 33 फीट रोड पर जलभराव हो गया।
लगातार बारिश के चलते ओल्ड अंडरपास में पानी तेजी से भरता चला गया। पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव कम नहीं हो सका और पूरे अंडरपास में पानी भर गया। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों ओर के गेट बंद कर दिए, ताकि कोई वाहन पानी में फंसकर हादसे का शिकार न हो।

No comments :