//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने साइबर ठगी के दो अलग- अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन महिलाओं सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
*पहला मामला: फर्जी निवेश का झांसा देकर महिला से ₹1.39 लाख की ठगी*
पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-9, फरीदाबाद की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को बताया कि 16 जुलाई 2026 को उनके टेलीग्राम पर “ZERO TO HERO PREMIUM” नामक चैनल का विज्ञापन आया, जिसमें न्यूनतम ₹30,000 निवेश करने पर तीन गुना मुनाफा देने का दावा किया गया था। विज्ञापन के झांसे में आकर महिला ने UPI के माध्यम से ₹30,000 ट्रांसफर कर दिये। इसके बाद आरोपियों ने “TRADERS CLUB” के नाम से एक फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर निवेश राशि को लगभग ₹1.88 लाख दिखाया। रकम निकालने के लिए पहले रिटर्न चार्ज के नाम पर ₹56,691.50 और बाद में GST के नाम पर ₹52,911 जमा करा लिए। इसके बावजूद जब शिकायतकर्ता ने अपनी राशि वापस मांगी तो ठगो ने अकाउंट चार्ज के नाम पर ₹57,000 और जमा कराने की मांग की। तब उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का अहसास हुआ।
जांच के दौरान साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने अखिलेश निवासी गांव खानपुर, जिला बूंदी (राजस्थान) तथा चिरंजीलाल निवासी गांव नयागांव, जिला बूंदी (हाल निवासी गांव खोडी, जिला बूंदी, राजस्थान) को 22 जुलाई को बूंदी से काबू किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों बूंदी में एक बैंक के लिए रिकवरी एजेंट का कार्य करते हैं। अखिलेश ने अपने एक दोस्त के माध्यम से चिरंजीलाल का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, खाता में ठगी के ₹52,911 प्राप्त हुये थे।
आरोपी चिरंजीलाल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, वहीं अखिलेश को आगे की पूछताछ के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
*दूसरा मामला: ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर ₹38 हजार की साइबर ठगी*
वहीं एक अन्य मामले में सेक्टर-9, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसका संपर्क एक ऑनलाइन लोन कंपनी से हुआ, जिसने उन्हें ₹15 लाख का लोन दिलाने का भरोसा दिया। ठगों ने पहले रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर ₹599 जमा कराए। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, बैंक चार्ज और इंश्योरेंस आदि के नाम पर अलग-अलग किश्तों में उससे कुल ₹38,000 विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिये। जब उसने लोन जारी करने की बात कही तो ठग लगातार नए-नए शुल्क की मांग करते रहे, जिससे उसे अपने साथ साइबर ठगी का एहसास हुआ।
मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने राजस्थान निवासी तीन महिलाओं सहित राजेन्द्र सिंह निवासी खैलीवाली, जिला श्रीगंगानगर तथा मोहित स्वामी निवासी जवाहर नगर, श्रीगंगानगर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोहित स्वामी अपने घर से ही एक अवैध कॉल सेंटर संचालित करता था। उसने तीनो महिलाओं व राजेन्द्र सिंह को वेतन पर कॉलिंग का काम दे रखा था। जिन्होंने शिकायतकर्ताओं को फोन कर लोन दिलाने का झांसा दिया और विभिन्न शुल्कों के नाम पर ठगी की रकम वसूली।
तीनों महिलाओं और राजेन्द्र सिंह को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी मोहित स्वामी को पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।


No comments :