हरियाणा में टोल दरों में बढ़ोतरी की गई है। करनाल, कुरुक्षेत्र, हिसार, पानीपत और झज्जर टोल प्लाजा पर नए रेट लिस्ट जारी कर दी गई है। कार, जीप और अन्य व्यवसायिक वाहनों के टोल रेट में 10 से 30 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है।
करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा के ऑपरेशन मैनेजर प्रदीप मलिक ने बताया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के निर्देशानुसार मंगलवार रात से ही टोल प्लाजा पर बढ़ी हुई दरों के हिसाब से नए रेट लिए जा रहे हैं। बसताड़ा टोल के रेट भी संशोधित किए गए हैं।
अब कार और जीप ड्राइवरों को सिंगल जर्नी के 200 रुपए और डबल जर्नी के 295 रुपए देने होंगे। 7 एक्सएल वाहनों का मंथली पास अब 42 हजार 575 रुपए में मिलेगा। पहले ये 41 हजार 315 रुपए में था। वहीं, टोल प्लाजा के आसपास के 20 किलोमीटर के गांवों के वाहन मालिकों के लिए रियायती मासिक पास जारी रहेगा।
हरियाणा में जीटी रोड के सबसे महंगे घरौंडा (बसताड़ा) टोल प्लाजा पर कार का एक साइड का रेट तीन महीने में 15 रुपए तक बढ़ चुका है। मार्च में इस टोल पर कार का एक साइड का टोल 185 रुपए हुए था। फिर मई में 190 रुपए हो गया। अब जुलाई में यह 200 रुपए हो गया है।
बसताड़ा टोल पर LVC (मिनी बस टाइप) का सिंगल जर्नी का रेट 320 रुपए और डबल जर्नी का टोल 480 रुपए हो गया। इसके साथ ही ट्रक और बस के नए रेट 670 रुपए और डबल जर्नी के 1005 रुपए हो गए।

No comments :