फरीदाबाद में शहर के वार्ड नंबर-8 में सड़क और पेयजल की समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर फूट पड़ा। स्थानीय निवासियों ने पर्वतीय चौकी के सामने जाम लगाकर नगर निगम के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर रास्ता खुलवाया। हालांकि, जाम के कारण सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और वाहन चालक कई घंटों तक फंसे रहे।
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय निवासी राम प्रसाद ने बताया कि पिछले करीब दो महीने से इलाके की सड़क खोदकर छोड़ दी गई है। सड़क निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण पानी के टैंकर घरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि नगर निगम की नियमित जलापूर्ति भी समय पर नहीं हो रही है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो निगम अधिकारी समस्या पर ध्यान दे रहे हैं और न ही जनप्रतिनिधि।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। हल्की बारिश होते ही सड़कों और गलियों में जलभराव हो जाता है, जिससे आवाजाही मुश्किल हो जाती है। जलभराव के कारण बीमारियां फैलने का खतरा भी बना रहता है। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर सीवर के मैनहोल खुले पड़े हैं, जिससे खासकर रात के समय दुर्घटना का डर बना रहता है। उनका आरोप है कि सड़कें खोदकर छोड़ देने के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी परेशान हैं।

No comments :