फरीदाबाद में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने NIT-5 थाने में तैनात सिपाही पंकज को 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की टीम ने आरोपी को मौके से ही रिश्वत की रकम सहित पकड़ा है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता सौरभ ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि वर्ष 2020 में एनआईटी थाने में दर्ज एक मामले के संबंध में उसके चाचा के नाम कोर्ट से नोटिस आया था। इस नोटिस का जवाब तैयार कराने और मामले में कार्रवाई में मदद करने के नाम पर एनआईटी-5 थाना में तैनात सिपाही पंकज उससे 2 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने इसकी जानकारी एसीबी को दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले पूरे मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने सिपाही को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता सौरभ रिश्वत की रकम लेकर सिपाही के पास पहुंचा।
जैसे ही उसने सिपाही पंकज को 2 हजार रुपए दिए, पहले से निगरानी कर रही एसीबी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही रिश्वत की रकम सहित गिरफ्तार कर लिया।

No comments :