HEADLINES


More

कांवड़ यात्रा-2026: सुरक्षा के लिये 2000 के करीब पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा

Posted by : pramod goyal on : Wednesday, 29 July 2026 0 comments
pramod goyal
Saved under : , ,
//# Adsense Code Here #//


 फरीदाबाद, 29 जुलाई। श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान हजारों शिवभक्त हरिद्वार/नीलकंठ से पवित्र गंगाजल लेकर फरीदाबाद से गुजरते हुए विभिन्न शिव मंदिरों की ओर प्रस्थान करेंगे। महाशिवरात्रि के अवसर पर जलाभिषेक के साथ यात्रा का समापन होगा। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।


पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में कांवड़ यात्रा के लिए विशेष सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। संपूर्ण यात्रा के दौरान पुलिस उपायुक्त यातायात जयवीर राठी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, एनआईटी, बल्लभगढ़ एवं सेंट्रल अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन की लगातार निगरानी करेंगे।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान लगभग 2000 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न ड्यूटियों पर तैनात रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा। थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, अपराध शाखा, महिला पुलिस, ईआरवी, राइडर तथा मोबाइल गश्ती दलों को ड्यूटी के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए SWAT टीमों को भी पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा।

*तीन प्रमुख मार्गों से गुजरेंगे कांवड़िए*

फरीदाबाद पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए *पहला मार्ग: कालिंदी कुंज (दिल्ली) से एमसीडी टोल होते हुए आगरा कैनाल के साथ-साथ रहेगा। दूसरा मार्ग: बदरपुर बॉर्डर से आउटर बाईपास के माध्यम से तथा तीसरा मार्ग: बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के रास्ते* निर्धारित किया गया है।

इन सभी मार्गों पर संबंधित थाना पुलिस लगातार गश्त करेगी, जबकि केजीपी एक्सप्रेस-वे पर विशेष मोबाइल पुलिस पार्टियां तैनात रहेंगी। पुलिस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

*25 से अधिक स्थानों पर रहेगी कड़ी नाकाबंदी*

कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 25 से अधिक स्थानों पर विशेष नाकाबंदी की जाएगी। इनमें दुर्गा बिल्डर, आगरा कैनाल मार्ग, सेहतपुर पल्ला पुल, पल्ला पुल, एत्मादपुर पुल, सेक्टर-28/29 पुल, खेड़ी पुल, सेक्टर-17 पुल, सेक्टर-14 पुल, बीपीटीपी पुल, बड़ौली पुल, सेक्टर-8 पुल, तिगांव पुल, आईएमटी पुल, चंदावली पुल, सुनपेड़ पुल, जाट चौक, मलेरना चौक, जाजरू चौक, शाहपुरा कलां, शाहपुरा मोड़, डीग पुल, प्याला मोड़, सीकरी चौकी तथा कैली बाईपास सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं।

इन सभी नाकों पर पुलिस कर्मीयों  द्वारा गहन जांच की जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के लिए टीमें तैयार रहेंगी।

*आगरा कैनाल मार्ग रहेगा बंद, वैकल्पिक मार्गों से चलेगा यातायात*

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान आगरा कैनाल के साथ लगने वाले मार्ग पर सामान्य वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर डायवर्जन लगाए जाएंगे तथा वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। आमजन से अपील है कि वे यात्रा के दौरान जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और अनावश्यक रूप से कांवड़ मार्ग का उपयोग न करें।

उन्होंने और अधिक जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा मार्ग पर स्थापित सभी कांवड़ शिविरों एवं लंगर स्थलों की मैपिंग की जा रही है। प्रत्येक प्रमुख शिविर पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी और संबंधित थाना पुलिस शिविर संचालकों के लगातार संपर्क में रहेगी। आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्त की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग, प्रमुख विश्राम स्थलों तथा कांवड़ शिविरों में महिला पुलिस कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिस टीमें हर समय उपलब्ध रहेंगी।

कांवड़ मार्ग की निगरानी CCTV कैमरों एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी। इस संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक पत्राचार कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) की टीमें सादा वर्दी में यात्रा मार्ग पर तैनात रहेंगी और असामाजिक तथा शरारती तत्वों पर लगातार नजर रखेंगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

यात्रा मार्ग पर स्थित शराब के ठेकों, पेट्रोल पंपों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों की भी विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या कानून व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो।

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से तुरंत निपटने के लिए यात्रा मार्ग पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड वाहन तथा क्रेन अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहेंगी। स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

फरीदाबाद पुलिस का सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल यात्रा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे नजर रखेगा। किसी भी प्रकार की भ्रामक, झूठी, भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फरीदाबाद पुलिस की सभी श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील है कि वे पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा- निर्देशों एवं ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, 0129-2227200 या फिर डायल-112 पर दें। पुलिस का उद्देश्य सभी के सहयोग से कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।


No comments :

Leave a Reply