फरीदाबाद ग्रेटर के सेक्टर-81 स्थित पुरी बिजनेस हब में एक विशाल अजगर दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 10 फुट लंबा अजगर इमारत की बाहरी दीवार पर रेंगता नजर आया। अचानक सामने आए दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सुबह करीब 11 बजे लोगों की नजर दीवार पर चढ़े अजगर पर पड़ी। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगा। कुछ देर तक दीवार पर रहने के बाद अजगर नीचे उतरा और पास की झाड़ियों में चला गया। वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही वह आंखों से गायब हो चुका था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेक्टर-81 और आसपास के इलाकों में बारिश के मौसम में पहले भी अजगर और अन्य सांप दिखाई दे चुके हैं। आसपास खाली प्लॉट, हरियाली और झाड़ियां होने के कारण जंगली जीव कई बार रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं। घटना के बाद लोगों में सतर्कता बढ़ गई है।
वन्य जीव विभाग के निरीक्षक हंसराज ने बताया कि मानसून के दौरान बढ़ी नमी और उमस के कारण अजगर अपने प्राकृतिक आवास से बाहर निकल आते हैं। कई बार भोजन या सुरक्षित स्थान की तलाश में वे आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं अजगर या कोई अन्य वन्य जीव दिखाई दे, तो उसे पकड़ने या भगाने का प्रयास न करें।
तुरंत वन्य जीव विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम सुरक्षित तरीके से उसे पकड़कर जंगल में छोड़ सके।

No comments :