//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार, आईपीएस के दिशानिर्देशों तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त फरीदाबाद एवं पुलिस उप-महानिरीक्षक श्री राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जन-जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत उच्चाधिकारियों के आदेश से हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने फरीदाबाद से जवाहर नवोदय विद्यालय तक लगभग 52 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय की। कार्यक्रम सम्पन्न होने के उपरांत उन्होंने वापसी की यात्रा भी साइकिल से ही पूरी की। इस प्रकार उन्होंने एक ही दिन में लगभग 104 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय कर नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन शैली का सशक्त संदेश दिया। यात्रा के अंतर्गत डॉ. वर्मा अरुआ, अटाली, दयालपुर, मच्छगर तथा चंदावली सहित विभिन्न गांवों से होकर गुजरे। उन्होंने ग्रामीणों, युवाओं एवं राहगीरों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने, नियमित व्यायाम करने, साइकिल जैसे पर्यावरण-अनुकूल साधनों को अपनाने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। अनेक स्थानों पर लोगों ने साइकिल यात्रा का स्वागत किया और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग का संकल्प लिया। रविवार को जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित एक दिवसीय नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम में 550 से अधिक छात्र-छात्राओं तथा लगभग 50 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। साथ ही उन्हें अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों को कार्यक्रम से जोड़कर रखा गया। जागरूकता कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उप प्रधानाचार्य सतीश कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने तथा स्वस्थ, अनुशासित और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाला जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान तथा डॉ. अशोक कुमार वर्मा की साइकिल यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।

No comments :