//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 18 जुलाई 2026। मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की उत्कृष्ट मिसाल प्रस्तुत करते हुए विक्टोरा फाउंडेशन एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी, फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों से आए रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया। इस अवसर पर कुल 100 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। साथ ही विक्टोरा फाउंडेशन द्वारा जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद को 15 व्हीलचेयर भेंट की गईं, जिनका उपयोग जरूरतमंद, दिव्यांग एवं असहाय लोगों की सेवा में किया जाएगा।
कार्यक्रम में नगराधीश फरीदाबाद अंकित कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि "रक्तदान ऐसा महादान है, जिससे किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन मिलता है। प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपने नैतिक दायित्व का निर्वहन करना चाहिए।" उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी एवं विक्टोरा फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
विक्टोरा फाउंडेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चेयरमैन एच. एस. बाँगा ने कहा कि फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि "रक्तदान और व्हीलचेयर वितरण जैसी पहल केवल सहायता नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। हमारा प्रयास है कि समाज का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सहयोग से वंचित न रहे।"
सीएसआर हैड अजय सोमवंशी ने कहा कि विक्टोरा फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को स्वास्थ्य सेवाओं, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने भविष्य में भी रेडक्रॉस के साथ मिलकर जनहित के ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी, फरीदाबाद के सचिव बिजेन्द्र सिंह सोरोत ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि "आज 100 यूनिट रक्त का संग्रह समाज में बढ़ती जागरूकता, सेवा भावना और मानवीय संवेदनाओं का प्रतीक है। रक्त की प्रत्येक यूनिट किसी न किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की नई आशा बनती है।"
रेडक्रॉस अधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने कहा कि युवाओं की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज में सेवा और मानवता के प्रति सकारात्मक सोच निरंतर मजबूत हो रही है। उन्होंने सभी से समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।

No comments :