रोहतक जिले के महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी से 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। उन्हें धमकी दी गई है कि यदि एक हफ्ते के भीतर रकम का इंतजाम नहीं किया गया तो उनकी हत्या कर दी जाएगी।
विधायक के वॉट्सएप पर एक विदेशी नंबर से यह धमकी भरा मैसेज भेजा गया है। मैसेज के आखिर में सुमित उर्फ छोटा समाणिया का नाम लिखा है। मैसेज में लिखा है—

हेलो, 5 करोड़ तैयार कर ले। एक हफ्ता है अब तेरे पास। अभी तो बस शीशों पर गोली चली है, अबकी बार तेरे ऊपर चलेगी सीधी।

धमकी मिलने के बाद विधायक ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सुमित उर्फ छोटा समाणिया एक गैंगस्टर है, जो गांव सैमाण का रहने वाला है। धमकी को देखते हुए विधायक और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनकी सुरक्षा में कुल सात कमांडो तैनात किए गए हैं।
विधायक बलराम दांगी ने कहा कि धमकी भरा मैसेज आने के बाद DGP अजय सिंघल, ADGP CID सौरभ सिंह, IG सिमरदीप सिंह व SP गौरव राजपुरोहित को शिकायत दी है। SP ने आश्वासन दिया कि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
SP गौरव राजपुरोहित ने बताया कि विधायक की तरफ से धमकी भरा मैसेज आने की शिकायत दी गई है। पहले भी उनके ऑफिस पर गोली चली थी, जिस मामले में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ रखा है। विधायक की सुरक्षा को बढ़ाया जाएगा और आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।


No comments :