//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद।
आज प्रदेश के गेस्ट अध्यापक अपनी मांगों एवं नियमितीकरण की प्रक्रिया को लेकर हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर के निवास स्थान पर पहुंचे। इस अवसर पर गेस्ट अध्यापकों ने मंत्री राजेश नागर का भव्य स्वागत करते हुए सरकार द्वारा उनके हितों में किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।शिक्षकों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गेस्ट अध्यापकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए हैं, जिससे उनमें आशा और विश्वास का
संचार हुआ है। उन्होंने मंत्री राजेश नागर के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का धन्यवाद व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि अब उन्हें जल्द ही नियमित नियुक्तियां भी दी जाएंगी।
इस दौरान गेस्ट अध्यापकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को संबोधित ज्ञापन भी मंत्री राजेश नागर को सौंपा। ज्ञापन में नियमितीकरण की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने तथा शिक्षकों को जल्द से जल्द जॉइनिंग दिलाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लंबे समय से प्रदेश के विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे गेस्ट अध्यापक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं, इसलिए उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
मंत्री राजेश नागर ने गेस्ट अध्यापकों को आश्वस्त किया कि इस विषय पर जल्द ही सकारात्मक कार्रवाई देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और इस विषय पर सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रही है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि नियमितीकरण और जॉइनिंग से संबंधित मामलों में जल्द उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

No comments :