//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 22 जून।फरीदाबाद योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय योग समारोह में हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा की गई ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी घोषणाओं का हार्दिक स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में स्वयं योगाभ्यास कर प्रदेशवासियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का प्रेरणादायी संदेश दिया। इस अवसर पर 16 मित्र देशों के युवाओं की सहभागिता ने योग की वैश्विक स्वीकार्यता तथा भारत की "वसुधैव कुटुम्बकम्" की भावना को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “One Earth, One Family, One Future” की भावना के अनुरूप योग स्वस्थ जीवन, संतुलित समाज और विकसित भारत के निर्माण का सशक्त माध्यम है।
फरीदाबाद योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं—कक्षा 3 से 9 तक योग शिक्षा को पाठ्यक्रम में शामिल करने, विद्यालयों के शिक्षकों को विशेष योग प्रशिक्षण देने, HSSC एवं HPSC परीक्षाओं में योग संबंधी प्रश्न सम्मिलित करने, मोरनी में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग संस्थान स्थापित करने, योगासन को खेल नीति में शामिल करने तथा आयुष योग प्रशिक्षकों एवं निरीक्षकों के रिक्त पदों को भरने—का विशेष स्वागत किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जयपाल शास्त्री, महासचिव श्री अंकुर एवं सचिव श्री श्याम कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि ये घोषणाएँ केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं हैं, बल्कि हरियाणा में योग, संस्कार और भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण की आधारशिला हैं। इन निर्णयों से प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं युवाओं को लाभ मिलेगा तथा योगासन खेल को नई ऊँचाइयाँ प्राप्त होंगी।
राष्ट्रीय पदक विजेता एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर फरीदाबाद का प्रतिनिधित्व कर चुकी योगासन खिलाड़ी मेहर अनेजा ने भी माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा खेल नीति में योगासन को शामिल किया जाना खिलाड़ियों के लिए एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी निर्णय है। इससे योगासन खिलाड़ियों को अन्य खेलों के समान पहचान, प्रोत्साहन, सुविधाएँ तथा भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के हजारों युवा योगासन को खेल के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित होंगे तथा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा के खिलाड़ी और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगे।
पदाधिकारियों ने विशेष रूप से हरियाणा योग आयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयोग ने अल्प समय में योग जागरूकता, प्रशिक्षण, शोध, प्रतियोगिताओं तथा जन-जन तक योग पहुँचाने के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किए हैं। आयोग के प्रयासों से आज हरियाणा देश के अग्रणी योग राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष एवं योगासन भारत के महासचिव डॉ. जयदीप आर्य के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश योग के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियाँ प्राप्त कर रहा है। उनके मार्गदर्शन में योग केवल स्वास्थ्य का माध्यम नहीं रहा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार, खेल, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण का सशक्त साधन बनकर उभरा है। योगासन खेलों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर पहचान दिलाने में भी उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
एसोसिएशन ने माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का विशेष धन्यवाद करते हुए आशा व्यक्त की कि उनका संरक्षण एवं आशीर्वाद भविष्य में भी हरियाणा योग आयोग तथा योग से जुड़े सभी संगठनों को मिलता रहेगा। उनके नेतृत्व में प्रदेश में प्रारंभ हुई योग क्रांति निश्चित रूप से समाज में स्वास्थ्य, संस्कार, अनुशासन और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को और अधिक सशक्त बनाएगी।
फरीदाबाद योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी एवं डॉ. जयदीप आर्य के नेतृत्व में हरियाणा आने वाले वर्षों में देश ही नहीं, बल्कि विश्व के योग मानचित्र पर एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित होगा।

No comments :