फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र के सेक्टर-46 स्थित सर्वम सोसाइटी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। घटना के बाद मौके पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए सोसाइटी परिसर में जमकर हंगामा किया।
स्थिति तनावपूर्ण होती देख सूरजकुंड थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल और क्राइम ब्रांच की टीम को भी मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार ने बताया कि पुलिस को रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि सेक्टर-46 स्थित सर्वम सोसाइटी के एक फ्लैट में एक विवाहिता ने फांसी लगा ली है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ समय बाद मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवती की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया और हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 23 वर्षीय सरसा के रूप में हुई। उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले फरीदाबाद के सेक्टर-21सी निवासी प्रवीण के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक दोनों परिवार के साथ रहे, लेकिन पारिवारिक अनबन के कारण पिछले कुछ महीनों से पति-पत्नी सेक्टर-46 स्थित सर्वम सोसाइटी में किराए के फ्लैट में अलग रह रहे थे।

No comments :