हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद (HSCCW) की मानद सचिव सुषमा गुप्ता को उनके पद से हटा दिया गया है। गवर्नर प्रो. असीम कुमार घोष की ओर से 21 जून को इस संबंध में लेटर जारी किया गया।
हालांकि लेटर में गुप्ता को इस पद से हटाने की वजह नहीं बताई गई है। न ही उनके स्थान पर अभी कोई नई नियुक्ति हुई है। 18 जुलाई 2024 को तत्कालीन गवर्नर बंडारू दत्रातेय की ओर से सुषमा गुप्ता को मानद महासचिव बनाया गया। उन्होंने उसी दिन पदभार ग्रहण कर लिया था।
यह नियुक्ति 3 साल के लिए हुई थी। अभी उनका कार्यकाल एक साल एक महीने का बचा हुआ था। ऐसे में इसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है। दैनिक भास्कर ने पद से हटाने की वजह जानने के लिए सुषमा गुप्ता से संपर्क करने का प्रयास किया। उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। उल्लेखनीय है कि HSCCW में सीएम पदेन अध्यक्ष और उनकी पत्नी पदेन उपाध्यक्ष हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह फैसला सीधे राज्यपाल सचिवालय के स्तर पर लिया गया है। आदेश जारी होने के बाद अब हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के प्रशासनिक ढांचे में नए सिरे से जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जाएगा। राजभवन की ओर से की गई यह कार्रवाई राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गई है।

No comments :