फरीदाबाद की नीमका जिला जेल में सोमवार तड़के एक बंदी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गाजीपुर निवासी ऋतिक उर्फ रंकित भड़ाना (25) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 11 महीने से विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल में बंद था। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जेल सूत्रों के अनुसार ऋतिक उर्फ रंकित के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास समेत करीब 16 आपराधिक मामले दर्ज थे। पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी, जिसके चलते उसे जेल परिसर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात उसने अस्पताल के बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि जब जेल स्टाफ ने जब उसे उसके बेड पर नहीं देखा, तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान अस्पताल के बाथरूम में वह फंदे से लटका मिला। कर्मचारियों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही जेल डिप्टी साजिद खान मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

No comments :