कैथल जिले के चीका में चोर एक मकान से करीब डेढ़ करोड़ रुपए के सोना चांदी के गहने और नकदी चोरी करके ले गए। इस दौरान मकान का मालिक अपनी मेडिकल जांच करवाने के लिए पंचकूला गया हुआ था। रात को अपने बेटे के पास रुका हुआ था। पड़ोसियों ने कॉल करके उसे चोरी के बारे में सूचना दी। जैसे ही उसने घर आकर देखा, तो 60-65 तोले सोना, लगभग 10 किलो चांदी व 24 लाख रुपए चोरी हुए मिले।
इस संबंध में मकान के मालिक ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वार्ड नंबर 8 R-3 चीका निवासी जय भगवान उर्फ ज्ञान गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आठ जून को दोपहर लगभग 12 बजे वह अपने बेटे के पास पंचकूला गया था। उसे मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में चेकअप के लिए जाना था। अगले दिन उसके पड़ोस में रहने वाले नीटू शाह का कॉल आया कि आपके घर के दरवाजे व लॉक टूटे हुए हैं। वह नीटू की बात सुनकर तुरंत चीका के लिए वापस चल दिया।
यहां घर आकर देखा तो पाया कि वास्तव में लॉक टूटे पड़े थे और पूरा समान बिखरा पड़ा था। अज्ञात आरोपी उसके घर से 24 लाख की रुपए नकदी और 60-65 तोले सोना व लगभग 10 किलो चांदी चोरी करके ले गए। आरोपी उसके घर की दीवार फांदकर घर में घुसे थे। शिकायतकर्ता ने आरोपियों को गिरफ्तार करने और सामान बरामद करवाने की मांग की है।

No comments :