फरीदाबाद के जीवन नगर पार्ट-1 स्थित नगर निगम के सरकारी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट में काम करने गए दो युवकों की टैंक में गिरने से मौत हो गई। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया।
प्लांट ऑपरेटर शिवम कुमार ने बताया कि मृतक आकाश और अमन काफी समय से इस संयंत्र में काम कर रहे थे। आकाश पिछले करीब तीन साल से और अमन करीब डेढ़ साल से यहां कार्यरत था। दोनों की उम्र लगभग 26 वर्ष थी और दोनों अविवाहित थे। शिवम के अनुसार, सुबह ठेकेदार की ओर से फोन आया था कि टैंक की सफाई के लिए एक चैन लगानी है। इसके बाद आकाश और अमन काम करने के लिए मौके पर पहुंचे।
बताया गया कि आकाश सेफ्टी बेल्ट बांधकर टैंक के अंदर उतर रहा था। इसी दौरान टैंक से निकलने वाली जहरीली गैस के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया। वह नीचे की ओर खिंचने लगा और उसकी सेफ्टी बेल्ट भी टूट गई, जिससे वह सीधे टैंक में जा गिरा। साथी को मुसीबत में देख अमन उसे बचाने के लिए तुरंत नीचे उतरा, लेकिन उसका भी पैर फिसल गया और वह भी टैंक में गिर गया।

No comments :