//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 21 जून। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड, पाली क्रेशर जोन तथा बल्लभगढ़-सोहना रोड स्थित पाखल टोल प्लाजा को हटाने की मांग को लेकर शनिवार को गांव बंधवाड़ी स्थित टोल प्लाजा के समीप एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोहना, पलवल, नोएडा सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों एवं किसान नेताओं ने भाग लिया।
महापंचायत की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी सतबीर पहलवान ने की, जबकि जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद के अध्यक्ष बलजीत कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महापंचायत के आयोजक रोहताश चौधरी ने किया।
महापंचायत के दौरान पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ सुरेन्द्र सिंह पुलिस बल एवं टोल कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने टोल प्लाजा को समाप्त करने संबंधी ज्ञापन महापंचायत समिति से प्राप्त किया। इस दौरान एसडीओ ने महापंचायत के मंच से आश्वासन दिया कि 2 जुलाई 2026 के बाद बंधवाड़ी नुनेरा पाखल टोल प्लाजा को बंद कर दिया जाएगा।
इस घोषणा के बाद उपस्थित लोगों ने इसे क्षेत्र की जनता की बड़ी जीत बताते हुए संतोष व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से स्थानीय लोग टोल प्लाजा हटाने की मांग कर रहे थे, जिससे आम नागरिकों, किसानों और व्यापारियों को राहत मिलेगी।
महापंचायत में उत्तर प्रदेश से किसान यूनियन भगत सिंह के दर्जनों पदाधिकारी नवीन भाटी के नेतृत्व में पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर मनोज बंधवाड़ी, महेश घोड़ारोप, दीपक दायमा (पार्षद), अनिल शर्मा (पार्षद), भोले गुर्जर (पार्षद), सूरज चंदीला, रामकुमार भड़ाना, प्रेम कृष्ण पप्पी, अनिल नेताजी, ब्रजपाल अधाना, बिजेन्द्र सिंह फौजी (सरपंच), तरुण राघव, बिजेन्द्र पाल मावी, उमेश कौशिक, जितेन्द्र भड़ाना सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments :