फरीदाबाद में एक छोटे से मजाक का जवाब देना दो परिवारों के बीच इतना भारी पड़ गया कि बात गाली-गलौज से शुरू होकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से खूनी संघर्ष तक पहुंच गई। देखते ही देखते एक ही परिवार के चाचा-ताऊ पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर जमकर हमला कर दिया।
इस हिंसक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। घटना में दोनों पक्षों के 6 लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला फरीदाबाद के छायंसा थाना क्षेत्र के अरुआ गांव का है। जानकारी के अनुसार, बीते सप्ताह सोमवार को गांव की गली में परिवार के कई सदस्य बैठे हुए थे। इसी दौरान 20 वर्षीय शिवा ने अपने ताऊ के बेटे परवीन की पत्नी को लेकर मजाक कर दिया। परवीन ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में गाली-गलौज बढ़ती चली गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के साथ हाथापाई करने लगे।
मारपीट के दौरान परिवार का ही सदस्य सतीश बीच-बचाव करने पहुंचा। सतीश का आरोप है कि झगड़ा छुड़ाने के दौरान किसी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि, परिवार के अन्य लोगों ने बीच में आकर किसी तरह मामला शांत करा दिया और सभी अपने-अपने घर चले गए। उस समय लगा कि विवाद खत्म हो गया है।

No comments :