नूंह में मंगलवार सुबह उत्तर प्रदेश पुलिस के 4 जवानों समेत 5 की मौत हो गई। सभी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार थे। मरने वालों में 2 सब इंस्पेक्टर, 2 सिपाही और एक व्यक्ति शामिल हैं।
कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे (KMP) पर धुलावट टोल प्लाजा के पास इनकी गाड़ी आगे चल रही दूसरी गाड़ी से टकरा गई।
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी अपहरण के एक मामले में रेड करने जा रहे थे। अपहरणकर्ता का भाई भी इनके साथ ही था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। शव गाड़ी में बुरी तरह फंसे हुए थे। इसके बाद इनके शव को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी पलवल की ओर से आ रही थी। ड्राइवर ने ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान गाड़ी असंतुलित हो गई और सामने चल रही दूसरी गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई।
घटनास्थल से पुलिस को एक यूपी पुलिस का आईकार्ड मिला है। यह सब इंस्पेक्टर मोहित कुमार यादव का है। SI सत्यभान, सिपाही अशोक और प्रदीप के रूप में हुई है। चारों पुलिसकर्मी जालौन के उरई थाने में तैनात थे। व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है।
पांचों जिस काले रंग की स्कॉर्पियो में जा रहे थे, यह गाड़ी हरियाणा के जींद RTO में रजिस्टर्ड है। यह गाड़ी देखने में बिल्कुल नई लग रही है।
तावड़ू DSP अभिमन्यु लोहान ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि स्कॉर्पियो (नंबर HR 31V 7550) में कुल पांच लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि सभी पांचों की मौके पर ही मौत हो गई।

No comments :