फ़रीदाबाद के गौछी गांव में खुलेआम कबाड़ जलाकर वायु प्रदूषण फैलाने का मामला सामने आया है। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शिकायत पर थाना मुजेसर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बल्लभगढ़ रीजन कार्यालय को गौछी गांव में अवैध रूप से कबाड़ जलाए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में बताया गया था कि गांव में खुले में वेस्ट स्क्रैप और कबाड़ को आग लगाई जा रही है, जिससे आसपास के इलाके में भारी धुआं फैल रहा है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत मिलने के बाद बोर्ड के सहायक पर्यावरण अभियंता पुनीत पाठक ने 21 मई को सुबह करीब 10:19 बजे अपनी टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि गौछी गांव स्थित एक स्थान पर खुलेआम कबाड़ जलाया जा रहा था। जलते हुए स्क्रैप से निकलने वाले धुएं के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा था।
जांच के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने भरतलाल, चरण सिंह और जीत राम निवासी गौछी गांव को कथित रूप से कबाड़ जलाते हुए पाया। टीम ने मौके की तस्वीरें भी लीं और पूरे मामले की निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया कि संबंधित लोग अवैध रूप से वेस्ट स्क्रैप को आग लगाकर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे थे, जो पर्यावरण संरक्षण नियमों का उल्लंघन है।

No comments :