राहुल गांधी ने शुक्रवार को गुरुग्राम में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा की खुलकर तारीफ की। अक्टूबर 2025 में जब बृजेंद्र सिंह ने इस यात्रा की शुरुआत की थी, तब तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने इसे कांग्रेस का ऑफिशियल कार्यक्रम मानने से इनकार कर दिया था। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा से लेकर नए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तक ने इसे निजी यात्रा बताया।
हालांकि, 6 मई को राहुल गांधी के दौरे का ऐलान होते ही कांग्रेस संगठन सक्रिय हो गया। राव नरेंद्र सिंह ने नेताओं को यात्रा में शामिल होने के लिए पत्र लिखा और खुद भी राहुल गांधी के साथ करीब एक किलोमीटर पैदल चले। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंच पर राहुल गांधी का स्वागत किया, जबकि उदयभान भी मंच पर मौजूद रहे।
राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला और सिरसा सांसद कुमारी सैलजा पहले ही सद्भाव यात्रा में शामिल हो चुके हैं। शुक्रवार को सुरजेवाला कार्यक्रम में पहुंचे, जबकि सैलजा मौजूद नहीं रहीं।
राहुल गांधी ने मंच से कहा- “हर युवा नेता को ऐसी यात्राएं निकालनी चाहिए।” इस बात से साफ है कि राहुल हरियाणा कांग्रेस के नेताओं को एक खास संदेश देना चाहते हैं। माना जा रहा है कि पार्टी अब उन नेताओं को ज्यादा महत्व देगी, जो लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के लिए लड़ते हैं। यानी, जो नेता सड़क पर उतरकर संघर्ष करेंगे, उन्हें पार्टी में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।

No comments :