फरीदाबाद, 31 मई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि भाजपा का इतिहास संघर्ष, विचार और राष्ट्रसेवा की भावना से परिपूर्ण रहा है। कार्यकर्ताओं के समर्पण, परिश्रम और संगठन के प्रति निष्ठा के कारण ही आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है। वह रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत आयोजित फरीदाबाद के जिला प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित कर रहे थे। प्रशिक्षण के दूसरे दिन अन्य वक्ताओं ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
डॉ. पूनिया ने प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित कार्यकर्ताओं को भाजपा के इतिहास, वैचारिक यात्रा और संगठन के विकास के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन का विचार हमारी दिशा है, प्रशिक्षण हमारी शक्ति है और समर्पित कार्यकर्ता हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं; संगठन की मजबूती निरंतर सीखने, संवाद और संस्कारों से ही सुनिश्चित होती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक का सफर त्याग, तपस्या और राष्ट्रहित के लिए किए गए संघर्ष का परिणाम है। पार्टी ने हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हुए अपनी नीतियों और सिद्धांतों पर कार्य किया है।
उन्होंने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक चेतना और अंत्योदय के विचार को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उनके आदर्श आज भी भाजपा की विचारधारा और कार्यशैली का आधार हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को इन महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्य करना चाहिए।
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा ने अपने शुरुआती दौर में अनेक चुनौतियों का सामना किया, लेकिन कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों और जनता के विश्वास के बल पर पार्टी निरंतर आगे बढ़ती रही। उन्होंने बताया कि वर्ष 1984 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को केवल दो सीटें मिली थीं, लेकिन संगठन की मजबूती, नेतृत्व की दूरदृष्टि और कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने 303 सीटें जीतकर नया इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है।
डॉ. पूनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत विश्व पटल पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अनेक ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय लिए हैं, जिनमें जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त करना और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना प्रमुख हैं। इसके अलावा देश में आधारभूत संरचना, डिजिटल विकास, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और विश्व में उसकी प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का का
र्य भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता कर रहा है।
अपने संबोधन में डॉ. पूनिया ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण, पारदर्शिता और विकास को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण वर्ग से प्राप्त ज्ञान और अनुभव को जन-जन तक पहुंचाएं तथा संगठन की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को लोगों के बीच प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें। प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
अपेक्षित कार्यकर्ताओं ने शनिवार को रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया और रात्रि विश्राम किया। प्रशिक्षण वर्ग के दुसरे दिन कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन योग, प्राणायाम और व्यायाम सत्र से हुई। प्रशिक्षण शिविर के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने मोदी जी के मन की बात कर्यक्रम को सुना। कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया गया । प्रशिक्षण क्विज प्रतियोगिता और राष्ट्र गान के साथ प्रशिक्षण वर्ग का समापन हुआ ।


No comments :