//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद, 26 मई। आबादी के अनुपात में बिजली सप्लाई न होने व अपर्याप्त संसाधनों की वजह से नहरपार पल्ला से बसंतपुर तक के लोगों को गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन तकनीकी खराबी होने की संभावना बनी रहती है। ये कहना है भाजपा लोकसभा निगरानी समिति के संयोजक व पूर्व पार्षद ओमप्रकाश रैक्सवाल का। उन्होंने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ग्रेटर फरीदाबाद के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) पंकज पंवार से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपकर प्रभावित इलाकों में नए ट्रांसफार्मर लगाने व पुराने ट्रांसफार्मरों का लोड बढ़ाने की पुरजोर मांग की है।
रैक्सवाल ने बताया कि भीषण गर्मी और बढ़ती आबादी के कारण क्षेत्र में लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और ट्रांसफॉर्मरों पर अत्यधिक लोड जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। कई स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड होने की स्थिति में हैं, जिससे तकनीकी खराबी और बड़े हादसों का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में नए और अधिक क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएं ताकि लोगों को राहत मिल सके।
मुख्य रुप से सूर्य विहार स्थित तिकोना मंदिर के पास लगे ट्रांसफॉर्मर का लोड बढ़ाकर 200 केवी किया जाए। तथा सरस्वती कॉलोनी गली नंबर 16, सेहतपुर गांव, सूर्य विहार पार्ट 3, सरपंच काॅलोनी, श्याम मार्केट, तिकोना शिव मंदिर में 100 केवी के ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएं। ताकि लोगों को पूर्ण रूप से बिजली की समस्या से राहत मिल सके।
उल्लेखनीय है कि पल्ला से बसंतपुर क्षेत्र में आ रही बिजली समस्याओं को लेकर रैक्सवाल पूर्व में भी निगम के अधीक्षण अभियंता (एसई) जितेन्द्र ढुल से मिल चुके हैं। जिसके बाद कई जगहों पर समस्या का समाधान भी हुआ। लेकिन अभी-भी कुछ क्षेत्रों में समस्या बनी हुई है। ऐसे में पल्ला से बसंतपुर क्षेत्र के लिए ओमप्रकाश रैक्सवाल निरंतर प्रयासरत हैं।

No comments :