फ़रीदाबाद जिले में बल्लभगढ़ के सेक्टर-62 स्थित आशियाना क्षेत्र में रहने वाली 38 वर्षीय महिला ने कथित रूप से जनगणना का कार्य करने के लिए बनाए जा रहे दबाव से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। जहरीले पदार्थ का सेवन करने से महिला की हालत बिगड़ गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-62 आशियाना क्षेत्र निवासी सूबे सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी मुद्रा पेशे से ब्यूटी पार्लर का काम करती हैं। कुछ समय पहले उसकी पत्नी की सहेली शमा सचदेवा ने उन्हें बताया था कि जनगणना के कार्य के लिए लोगों की भर्ती की जा रही है और इस काम के बदले लगभग 35 हजार रुपए का भुगतान किया जाएगा।
इस जानकारी के बाद मुद्रा नगर निगम कार्यालय पहुंची, जहां मौजूद कर्मचारियों ने उनका आधार कार्ड लेकर उनसे फॉर्म भरवा दिया और जनगणना कार्य के लिए उनका पंजीकरण कर दिया।
इसके बाद मुद्रा को जनगणना से संबंधित प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया। सूबे सिंह के अनुसार, उसकी पत्नी ने 21 से 23 अप्रैल तक एनआईटी-3 स्थित डीएवी स्कूल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें यह जानकारी मिली कि इस कार्य के बदले मिलने वाली राशि पहले बताई गई रकम से कम है। यह जानने के बाद मुद्रा ने यह काम करने से मना कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि, इसके बाद नगर निगम के कुछ कर्मचारियों द्वारा लगातार फोन कर मुद्रा पर काम करने का दबाव बनाया जाने लगा। सूबे सिंह का कहना है कि नगर निगम के जीटीओ सुमन रतना, दशरथ और रणवीर समेत कुछ अन्य कर्मचारियों ने उनकी पत्नी को बार-बार फोन कर काम करने के लिए कहा और मना करने पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी भी दी।

No comments :