फरीदाबाद के सेक्टर-59 में स्थित एक कंपनी में शुक्रवार को कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार द्वारा घोषित नए न्यूनतम वेतन को लागू करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कंपनी के मुख्य गेट पर नारेबाजी की और कामकाज पूरी तरह बंद कर दिया। प्रदर्शन के चलते कंपनी का काम प्रभावित रहा।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि हरियाणा सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की घोषणा की थी, लेकिन कंपनी प्रबंधन अब तक संशोधित वेतन लागू नहीं कर रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार की अधिसूचना के अनुसार अकुशल श्रमिकों का न्यूनतम मासिक वेतन 15,220 रुपए, अर्धकुशल श्रमिकों का 16,780 रुपए, कुशल श्रमिकों का 18,500 रुपए और उच्च कुशल श्रमिकों का 19,425 रुपए निर्धारित किया गया है, लेकिन उन्हें इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
कर्मचारी राकेश ने आरोप लगाया कि कंपनी ने रात्रि में काम करने पर मिलने वाला ओवरटाइम भुगतान भी बंद कर दिया है। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच पुराने वेतन पर परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि वो अपने बच्चों तक की फीस नही भर पा रहे है।

No comments :