फरीदाबाद में लगातार बढ़ रही पेयजल समस्या को देखते हुए प्रशासन अब पानी वितरण व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है। सीएम के निर्देशों के बाद नगर निगम और फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) ने सभी क्षेत्रों में समान रूप से पानी पहुंचाने के लिए नया वितरण शेड्यूल तैयार करना शुरू कर दिया है। साथ ही पानी चोरी रोकने के लिए FMDA ने दो विशेष टीमें भी बनाई गई हैं।
हाल ही में एनआईटी विधायक सतीश फागना ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात कर शहर में पानी की असमान सप्लाई और लोगों की परेशानियों का मुद्दा उठाया था। शिकायत मिलने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को फोन कर व्यवस्था सुधारने और सभी विधानसभा क्षेत्रों में बराबर पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक जिले में सबसे अधिक पानी की सप्लाई फरीदाबाद और बल्लभगढ़ क्षेत्र में की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद एनआईटी और बल्लभगढ़ के कई इलाकों में लोगों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
पानी के अवैध कनेक्शनों और चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एफएमडीए ने दो अलग-अलग टीमें बनाई हैं। इससे पहले केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर की बैठक में भी यह मुद्दा उठा था, जहां अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे।
रेनीवेल लाइन नंबर 4, 5, 6, 7 और 8 की निगरानी के लिए एसडीओ जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम बनाई गई है। वहीं लाइन नंबर 1, 2 और 3 के लिए एसडीओ असर खान की अध्यक्षता में दूसरी टीम काम करेगी। दोनों टीमों में संबंधित जेई और अन्य अधिकारी शामिल किए गए हैं।

No comments :