हरियाणा में लोगों को आज दवाइयां खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दवाइयों की ऑनलाइन बिक्री के विरोध में हरियाणा स्टेट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने बुधवार को सभी जिलों में मेडिकल स्टोर बंद रखने का ऐलान किया है। यह हड़ताल रात 12 बजे तक चलेगी।
राज्य में लगभग 20 हजार मेडिकल स्टोर हैं। हिसार, सोनीपत, यमुनानगर, फतेहाबाद समेत कई जिलों में अधिकतर मेडिकल स्टोर बंद हैं। पंचकूला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और गुरुग्राम में दुकानें सामान्य दिनों की तरह खुली रहीं। करनाल में हड़ताल का मिला-जुला असर दिखा। रोहतक में भी पीजीआई मोड़ के पास दुकानें खुली रहीं।
सोनीपत में युवक प्रभात ने बताया कि पिता धरनी का डायलिसिस चल रहा है और वे सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें बुखार भी है। डॉक्टर ने एक इंजेक्शन लाने को कहा था, लेकिन बाहर आने पर उन्हें सभी दुकानें बंद मिलीं। अस्पताल के अंदर जो स्टोर है, वहां भी वह इंजेक्शन उपलब्ध नहीं था।
उधर, एसोसिएशन का दावा है कि अस्पतालों के अंदर चल रहे मेडिकल स्टोर और जन औषधि केंद्र खुले हुए हैं, इसलिए इमरजेंसी में मरीजों को दिक्कत नहीं आएगी।

No comments :