//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद: हरियाणा पुलिस द्वारा पुलिस कर्मचारियों के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक, हरियाणा श्री अजय सिंघल के मार्गदर्शन में पुलिस कर्मचारियों की बेटियों के विवाह के लिये “शगुन योजना” संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत पुलिस विभाग द्वारा कर्मचारी की एक बेटी के विवाह पर ₹2,50,000 की आर्थिक सहायता शगुन स्वरूप प्रदान की जाती है। इस योजना के अंतर्गत दो बेटियों की शादी तक ही आर्थिक सहायता मिलेगी।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार, 25 मई 2026 को पुलिस उपायुक्त मुख्यालय श्रीमती हिमाद्री कौशिक द्वारा फरीदाबाद पुलिस के 3 कर्मचारियों को शगुन योजना के तहत ढाई-ढाई लाख रुपए के चेक वितरित किये गये हैं।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने कहा कि हरियाणा पुलिस अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के हितों के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। विभाग द्वारा चलाई जा रही यह योजना पुलिस कर्मचारियों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सहयोग प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने लाभार्थी कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने में सहायक सिद्ध होती हैं तथा विभाग और कर्मचारियों के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करती हैं।
फरीदाबाद पुलिस द्वारा भविष्य में भी कर्मचारियों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पात्र कर्मचारियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

No comments :