फरीदाबाद में 5 मई को हुई डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोऑर्डिनेशन एंड मॉनीटरिंग कमेटी (दिशा) मीटिंग में मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और तीन विधायकों द्वारा नगर निगम के अधिकारियों पर लगाए गए भष्ट्राचार के आरोपों के बाद अब पिछले 10 सालों में किए गए विकास कार्यों की जांच की जाएगी।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि, ये कार्य किन अधिकारियों के कार्यकाल मे हुए थे, इसमें किन लोगों की क्या भूमिका रही, इसकी जांच होगी। जांच में जो दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दिशा की मीटिंग में केंद्रीय राज्य मंत्री और कृष्णपाल गुर्जर सहित विधायक मूलचंद शर्मा, सतीश फागना, धनेश अदलखा ने नगर निगम के चीफ इंजीनियर, एक्सईन समेत कई अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई थी । गुर्जर ने कहा था कि, यहां से चले जाओ, नहीं तो हथकड़ियां लगवा दूंगा। अधिकारियों ने लूट का अड्डा बनाया हुआ है।
मीटिंग में मौजूद BJP विधायक मूलचंद शर्मा ने इन अधिकारियों से कहा था कि, निगम में भ्रष्टाचार कर रखा है, तुम्हारे बाप का पैसा नहीं है। कमिश्नर साहब इन्हें हिंदी में समझा दीजिए। धनेश अदलखा ने कहा कि पिछले 10 सालों में बनी हुई सड़को को बार-बार तोड़ा जा रहा है। अधिकारी ठेकेदारों के साथ मिलकर कमीशन के पैसे से जेबे भर रहे हैं।

No comments :