दिल्ली-एनसीआर की अहम सड़क परियोजना डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेस-वे अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। करीब 97 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और 19 मई को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इस परियोजना का नि
रीक्षण करेंगे। इस दौरान हरियाणा और दिल्ली के मुख्यमंत्री, साथ ही कई सांसद भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
निरीक्षण कार्यक्रम सुबह 10 बजे दिल्ली के महारानी बाग से शुरू होगा। यहां से जैतपुर-पुश्ता रोड तक बने सिक्स लेन एक्सेस कंट्रोल हाईवे का जायजा लिया जाएगा। इसके बाद जैतपुर पुश्ता से फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाइपास और आगे बदरपुर बॉर्डर के पास एनएच-19 से जुड़ने वाले स्पर रोड का निरीक्षण किया जाएगा।
करीब 59 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेस-वे का निर्माण एनएच-148एनए परियोजना के तहत किया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत लगभग 5,332 करोड़ रुपए है। इस प्रोजेक्ट की नींव 2019 में रखी गई थी और 2020 से निर्माण कार्य शुरू हुआ था।
फिलहाल जैतपुर से फरीदाबाद की दिशा में एक्सप्रेस-वे का कुछ हिस्सा चालू हो चुका है, जिससे फरीदाबाद और पलवल के लोगों को राहत मिल रही है। वहीं, जैतपुर से कालिंदी कुंज तक का काम तेजी से जारी है।
पूरी तरह तैयार होने के बाद यह एक्सप्रेस-वे दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद और केएमपी के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा। खास तौर पर कालिंदी कुंज क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है, जिससे रोजाना सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

No comments :