फरीदाबाद साइबर थाना पुलिस ने एक बड़े सेक्सटोर्शन गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह
है कि गिरोह का एक सदस्य फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ से प्रेरित होकर लड़की की आवाज निकालकर लोगों को जाल में फंसाता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम और टिंडर पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर युवकों से संपर्क करते थे। शुरुआत में सामान्य बातचीत की जाती, फिर धीरे-धीरे अश्लील चैट के जरिए सामने वाले को फंसाया जाता था। इसके बाद वीडियो कॉल कर पहले से रिकॉर्डेड वीडियो दिखाकर पूरी बातचीत की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली जाती थी।
इसके बाद आरोपी पीड़ित को अश्लील वीडियो वायरल करने या पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर ब्लैकमेल करते और पैसे ऐंठते थे। गिरोह इस तरीके से अब तक 100 से ज्यादा लोगों को निशाना बना चुका है, जिनमें अधिकतर दिल्ली-एनसीआर के निवासी हैं।
पुलिस ने राजस्थान के करौली निवासी भगवान सिंह, देवा गुर्जर, बिजेंद्र, धीरज और मनीष को गिरफ्तार किया है। इनमें भगवान सिंह को गिरोह का सरगना बताया जा रहा है, जो लड़की की आवाज निकालने में माहिर था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित जानबूझकर एक व्यक्ति से सीमित रकम ही मांगते थे, ताकि पीड़ित डर के कारण शिकायत दर्ज न कराए। गिरोह में शामिल मनीष बैंक खातों की व्यवस्था करता था, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर कराई जाती थी।

No comments :