हरियाणा रोडवेज की बसों में यात्रियों को टिकट के भुगतान के लिए अब डिजिटल सुविधा मिलने जा रही है। परिवहन विभाग ने रोडवेज बसों में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए भुगतान की व्यवस्था शुरू करने का फैसला किया है। इसकी शुरुआत प्रदेश के किसी एक जिले से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर की जाएगी, जिसके सफल होने के बाद इसे सभी जिलों और डिपो में लागू कर दिया जाएगा।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान बताया कि रोडवेज बसों में भुगतान से संबंधित तकनीकी कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब इसे जल्द जमीन पर उतारा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाए, ताकि यात्रियों को बिना किसी परेशानी के डिजिटल भुगतान की सुविधा मिल सके।
परिवहन विभाग के अनुसार, रोडवेज बसों में UPI से भुगतान की व्यवस्था पहले किसी एक जिले में शुरू की जाएगी। वहां से मिले अनुभव और फीडबैक के आधार पर इस सिस्टम को अन्य जिलों के डिपो और बसों में लागू किया जाएगा। विभाग का मानना है कि पायलट प्रोजेक्ट के जरिए तकनीकी और संचालन संबंधी कमियों को पहले ही दूर किया जा सकेगा।

No comments :