फरीदाबाद के गांव सीही में किराये पर रहने वाले दो नाबालिग लड़कों के घर से अचानक गायब होने का मामला सामने आया। इसके साथ लड़कों की तलाश में परेशान परिजनों के साथ ठगी की घटना भी हो गई। एक अज्ञात व्यक्ति ने लड़कों का पता बताने के नाम पर उनके पिता से 10 हजार रुपये ठग लिए। हालांकि दो दिन बाद दोनों नाबालिग खुद ही घर वापस लौट आए।
जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय अनीश कुमार के पिता बलराम ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और फरीदाबाद के गांव सीही में किराये पर रहकर दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। 26 अप्रैल की शाम को उनका बेटा अनीश अपने दोस्त 17 वर्षीय विक्की के साथ घर पर मोबाइल में गेम खेल रहा था। शाम करीब 5 बजे दोनों अचानक घर से कहीं चले गए।
देर रात तक दोनों वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई। अनहोनी की आशंका में पूरा परिवार दहशत में रहा।

No comments :