//# Adsense Code Here #//
फरीदाबाद– फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार संगीन अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। अक्टूबर 2025 के अपहरण व हत्या के एक मामले में अपराध शाखा DLF की टीम ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। जिनकी पहचान बब्लू निवासी गांव अभार, जिला भरतपुर (राजस्थान), हाल निवासी गांव कैली, फरीदाबाद तथा सुलतान निवासी गांव राधाकुंड, मथुरा (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गांव पलवली, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार नवीन निवासी इंद्रा नगर, फरीदाबाद ने 7 अक्टूबर 2025 को थाना सेक्टर-8 में अपने बेटे कृष्णा के अपहरण संबंधी शिकायत दी थी। जिसमें बताया गया था कि 07 अक्टूबर को उसका बेटा किसी कार्य से घर से गया था परंतु वापस नहीं लौटा। इस संबंध में थाना सेक्टर-8 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। 8 अक्टूबर को कृष्णा की डेड बॉडी बाटा फ्लाई ओवर के नीचे रेलवे ट्रैक के पास मिली, जिस पर मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि बब्लू को शक था कि मृतक कृष्णा उसकी पत्नी के साथ बातचीत करता है। जिसके चलते बब्लू ने अपने साथी सुलतान को 1000 रुपये देकर कृष्णा को शराब पिलाने के लिये कहा। 7 अक्टूबर को सुल्तान, कृष्णा को शराब पिलाने के लिये अपने साथ गाड़ी में ले गया। इसके बाद बब्लू अपने भांजे सोहेल उर्फ धांधू के साथ वाईएमसीए चौक पर पहुंचा और कृष्णा को गाड़ी सहित गांव कैली की ओर ले गये और वहां सुनसान स्थान पर कृष्णा के साथ मारपीट की गई। इसके बाद वो उसे वापस गाड़ी में बैठाकर लिया और रास्ते में पुनः मारपीट की, जिससे कृष्णा की मृत्यु हो गई। घटना को छिपाने के उद्देश्य से आरोपितों ने मृतक के शव को बाटा फ्लाईओवर के पुल से नीचे रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया।
सुल्तान को 3 दिन व बब्लू को 2 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी सोहेल उर्फ धांधू फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

No comments :