फरीदाबाद में दिल्ली- आगरा हाईवे की सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग कर गाड़ियां खड़ी करने वाले वाहन मालिकों सहित रोड पर कब्जा करके अपना धंधा चलाने वालों पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) सख्ती करने जा रहा है।
NHAI स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर एक अभियान चलाएगा, जिसमें सर्विस रोड पर कब्जा करने वालों और अवैध पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान किए जाएंगे।
वर्तमान में हाईवें के दोनों तरफ बड़े सर्विस रोड को वाहनों के मालिक अपनी पार्किंग के लिए प्रयोग में ला रहा है। कई जगहों पर इन सर्विस रोड पर वर्कशाप तक चलाई जा रही है। शहर में जहां पर बाजारों के साथ ये सर्विस रोड है, वहां पर दुकानदारों के कर्मचारी इन सर्विस रोड पर काम कर रहे हैं। जिसके चलते यहां से निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हाईवे के किनारे मौजूद कई निजी संस्थानों और इंडस्ट्री के पास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं है। ऐसे में वहां आने वाले लोग अपनी गाड़ियां सर्विस रोड के किनारे ही खड़ी कर देते हैं। कई स्थानों पर तो ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ तक पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों का कब्जा देखने को मिलता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस रोड पर खड़ी गाड़ियों की वजह से वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खासकर सुबह और शाम के समय यहां ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है। वहीं, बारिश के मौसम में सड़क पर पानी भरने के बाद हालात और भी खराब हो जाते हैं, क्योंकि किनारे खड़ी गाड़ियां रास्ता और संकरा कर देती हैं।
NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर धीरज सिंह ने कहा कि हाईवे की सर्विस रोड पर गैर-कानूनी पार्किंग को रोकने के लिए पुलिस के साथ मिलकर एक कैंपेन चलाया जाएगा। जिसमें सर्विस रोड पर खड़े किए गए वाहनों के चालान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सर्विस रोड पर कब्जा कर जो लोग अपना धंधा चला रहे है उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

No comments :