फरीदाबाद 12 मार्च - भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के डिस्टिक सेक्रेट्री वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने एलपीजी गैस के संकट पर गहरी चिंता प्रकट की है। उन्होंने बताया कि मिडिल ईस्ट के देशों में तनाव के कारण गैस आपूर्ति नहीं हो पा रही है। लोगों को अपने सिलेंडर भरवाने के लिए कई घंटों तक लाइनों में खड़ा रहना पड़ता है। उन्होंने बताया कि अभी सरकार ने रसोई गैस के दामों में बेतहाशा वृद्धि कर दी है। जिससे आम आदमी की रोजी-रोटी पर सीधा प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस आसानी से उपलब्ध करवाने की मांग की। इसके साथ-साथ इसकी कालाबाजारी पर भी रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बढ़ती हुई महंगाई और बेरोजगारी के साथ- साथ, चार श्रम संहिताओं को वापस लेने, और पुराने श्रम कानूनों को बहाल करने,सहित वीबी - ग्राम (जी) योजना वापस लेने, मनरेगा को सुदृद्ध करने तथा प्रतिवर्ष 200 दिनों का रोजगार और 700 रुपए प्रतिदिन की मजदूरी सुनि
श्चित करने हेतु एवं बिजली संशोधन विधेयक 2025 को वापस लेने, सस्ती दरों पर सभी को बिजली एक अधिकार के रूप में उपलब्ध करवाने, बीज विधेयक 2026 को वापस लेने, किसानों के बीज बचाने, तैयार करने और आपस में बांटने के अधिकार को कानूनी रूप से मजबूत करने, अमेरिका के साथ किए गए देश हित विरोधी व्यापार समझौते को रद्द करने, और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीतियों के खिलाफ आगामी 24 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली जन आक्रोश रैली में फरीदाबाद से सैकड़ो लोग भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इस रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेश से एक जत्था 18 मार्च को फरीदाबाद में पहुंचेगा। यहां पर राजीव नगर में एक सभा को संबोधित करेगा। दूसरी सभा 19 मार्च को बल्लभगढ़ में होगी। तीसरी सभा पावटा गांव में की जाएगी चौथी सभा सेक्टर 3 में होगी। आज की बैठक की अध्यक्षता देवी राम ने की जबकि इस बैठक को माकपा के नेता कामरेड निरंतर पाराशर ने भी संबोधित किया।

No comments :