फरीदाबाद शहर में बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर और सम्मोहित कर उसके सोने के कुंडल उतरवा लिए और मौके से फरार हो गए। ये पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई। तीन युवकों ने घटना को अंजाम दिया। अब डबुआ थाना पुलिस इन आरोपियों की तलाश कर रही है।
डबुआ गांव की 70 वर्षीय रमेश देवी वीरवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर से दवाई लेने के लिए पैदल मार्केट जा रही थी। जब वह अपने घर के पास मोड़ पर पहुंची, तो उसको एक युवक ने डबुआ गांव जाने का रास्ता पूछने के बहाने रोका। जैसे ही महिला रूककर रास्ता बताने लगी, वैसे ही एक दूसरा युवक भी वहां आकर खड़ा हो गया।
कुछ देर तक बात करने के बाद वह दोनों महिला को गली के एक कोने में ले गए। जहां पर तीसरा युवक भी पहुंच गया। जहां पर महिला को सम्मोहित कर उसके सोने के कुंडल उतरवा लिए गए। जिसके बाद तीनों वहां से मौके से फरार हो गए।
महिला ने बताया कि युवकों ने कहा कि उनके कानों में सोने के कुंडल हैं, जिन्हें उतार लेना चाहिए, नहीं तो कोई छीनकर ले जा सकता है। जब महिला ने कुंडल उतारने से मना किया, तो युवकों ने उन्हें समझाने के बहाने अपने दोनों हाथ दिखाने को कहा और उनके हाथों पर कुछ लगा दिया। इसके बाद उन्होंने महिला से कहा कि दोनों हाथों को पहले अपने चेहरे पर और फिर सिर पर फेरे।
रमेश देवी ने बताया कि जैसे ही उन्होंने ऐसा किया, तो वह एक-दो मिनट के लिए सुन्न हो गईं और उन्हें कुछ समझ नहीं आया। इसके बाद युवक उसकों गली के कोने में ले गए। जंहा युवकों ने उनसे कुंडल उतरवाकर ले लिए और उन्हें वहीं बैठाकर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब उन्हें होश आया, तो उनके कानों में कुंडल नहीं थे। इसके बाद वह वहीं रोने लगी।

No comments :