फरीदाबाद, 31 मार्च।फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए भवीचन्द शर्मा और रणवीर सिंह के मुद्दे पर हरियाणा सरकार द्वारा 16 फरवरी से अब तक कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने पर कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा की शाखा, हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने सरकार के इस सौतेले व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए 8 व 9 अप्रैल को दो दिवसीय राज्य व्यापी हड़ताल का एलान किया है। यह जानकारी देते हुए यूनियन के राज्य प्रधान राजिन्दर सिन्द व महासचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया कि भवी चंद शर्मा व रणवीर कोशहीद का दर्जा देने, 1-1 करोड़ रुपये आर्थिक राशि देने, परिवार के एक सदस्य को नियमित नोकरी देने व फायर कर्मियों की न्याय उचित मांगो के समाधान के लिए 10 मार्च से फायर यूनियन की राज्य कमेटी का जत्था लगातार प्रदेश के सभी जिलों के दमकल केंद्रों पर जनसम्पर्क अभियान चला रहा है।
जनसम्पर्क अभियान के तहत आज राज्य कमेटी के पदाधिकारियों ने दूसरी बार सेक्टर-15 स्थित दमकल केंद्र पर कर्मचारियों के साथ बैठक कर 8 व 9 अप्रैल को होने वाली राज्य स्तरीय हड़ताल की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान राज्य कार्यकारिणी सदस्य रामपाल शर्मा और जय प्रकाश भी उपस्थित रहे। बैठक में शामिल नियमित व अनियमित सभी दमकल कर्मचारियों ने एकजुटहोकर हड़ताल में भाग लेने का संकल्प लिया। बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि हरियाणा सरकार शहीद दमकल कर्मचारियों की मांगों और यूनियन के मांग पत्र को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। फायर महानिदेशक द्वारा बार-बार वार्ता की तिथि बदलना इस बात का संकेत है कि सरकार समाधान नहीं चाहती और कर्मचारियों को मजबूरन हड़ताल की ओर धकेला जा रहा है। वहीं नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने प्रदेश भर के सभी दमकल कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में 8 व 9 अप्रैल को दोनों दिन दमकल केंद्रों पर उल्टा झाड़ू प्रदर्शन करने का फैसला लिया है।
यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक शहीद कर्मचारियों को शहीद का दर्जा, उनके आश्रितों को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी नहीं दी जाती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर 8-9 अप्रैल की हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में भी बदला जा सकता है।
फरीदाबाद अग्निकांड के बाद प्रदेश के तमाम दमकल कर्मचारी डरे और सहमे हुए हैं, क्योंकि उनकी सुरक्षा को लेकर सरकार की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं है।“जब आग से लड़ने वालों की ही सुरक्षा नहीं,
तो वो कैसे बचाएंगे जनता की जिंदगी?” उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पिछले 5 वर्षों से कर्मचारियों का एक रुपये तक वेतन नहीं बढ़ाया गया है और 31 दिसंबर 2025 के हाई कोर्ट के फैसले को भी लागू नहीं किया गया है। फरीदाबाद अग्निकांड के बाद प्रदेश भर के दमकल कर्मचारी आक्रोशित हैं और सरकार के खिलाफ हड़ताल के लिए तैयार बैठे हैं। इस मौके पर जिला प्रधान मेघश्याम कौशिक,एलएफएम बृजमोहन,एलएफएम विनय कुमार, काशीराम,रणजीत,कौशल निगम से राकेश,भूपेन्द्र,एफओ ईशवर सिंह,गोपाल आदि उपस्थित रहे।

No comments :